कृति की कार्तिक काव्य गोष्ठी एवं दीपावली मिलन में गूंजे काव्य स्वर
							
							
								
									  October 26, 2025, 5:57 pm
								 
							 
							
							
								
										
															 
    
							
								
नीमच।स्वच्छता विकास अभियान संस्था के स्थापना दिवस पर, क्षेत्र की अग्रणी साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था कृति के आह्वान पर कार्तिक काव्य गोष्ठी एवं दीपावली मिलन समारोह गायत्री मंदिर परिसर में हर्षोल्लास से संपन्न हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत रेणुका व्यास की सरस्वती वंदना “मैहर वाली मैहर कीजे...” से हुई, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।इसके बाद वरिष्ठ कवि अख्तर अली शाह ‘अनंत’ ने सामाजिक विडंबना पर आधारित रचना प्रस्तुत की। कवि सलीम भाई ने हिंदी भाषा की महिमा पर कविता सुनाई – “हमारी आन है हिंदी, हमारी शान है हिंदी।”मंजुला धीर ने संस्था कृति के समर्पण को दर्शाया, वहीं वंदना नातेश्वरी ने दीपावली की पावनता को भावनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। वरिष्ठ कवि निरंजन गुप्ता ‘राही’ ने विचारों की गहराई व्यक्त की,जबकि दिलीप दुबे ने जीवन की पीड़ा और मुस्कान के द्वंद्व को शब्द दिए। किशोर जेवरिया ने आत्ममंथन और जीवन दर्शन पर प्रभावशाली पंक्तियाँ सुनाईं।कवयित्री आशा सांभर ने राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत रचना प्रस्तुत की और डॉ. प्रेरणा ठाकरे ने नारी शक्ति और आत्मगौरव को मुखर स्वर दिया। वरिष्ठ साहित्यकार राधेश्याम शर्मा व कवयित्री महक शर्मा की रचनाओं ने भी श्रोताओं की सराहना पाई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैलाश अहीर, इंजी. बाबूलाल गौड़, डॉ. अक्षय राजपुरोहित और कमलेश कुमार जायसवाल मंचासीन रहे। इंजी. गौड़ ने संस्था के 11 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब तक नागरिक स्वयं आगे नहीं आएंगे, कोई भी अभियान सफल नहीं होगा।इस अवसर पर स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रमेश मोरे, रंजन स्वामी और कमल कुमार शर्मा का सम्मान किया गया। कृति अध्यक्ष डॉ. अक्षय राजपुरोहित ने कहा कि स्वच्छता, संस्कृति और साहित्य का संगम ही सच्चे भारत का प्रतीक है।  कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश चौधरी का चार धाम यात्रा पूर्ण करने पर सम्मान हुआ। अंत में सचिव कमलेश कुमार जायसवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।