नीमच। संतशिरोमणि रविदासजी का जीवन दर्शन संपूर्ण मानवता को एकता, सद्भाव और समरसता का संदेश देता है। उन्होंने प्रेम, करुणा और समानता के सिद्धांतों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य किया। संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करने और समाज में भाईचारे और समानता को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कार्य करना होगा। संत रविदास के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज को एकता एवं आपसी बंधुत्व की प्रेरणा देते हैं। उक्त आशय के उद्गार विधायक दिलीपसिंह परिहार ने भाजपा जिला कार्यालय पर संत शिरोमणि रविदासजी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। श्री परिहार ने कहा कि व्यक्ति का कर्म प्रधान है। सदैव सत्कर्म करना चाहिए। भगवान कृष्ण की आराधना करने वाली मीरा संत रविदासजी की शिष्या बनीं।उन्होंने समाज को समानता,भाईचारे और मानवता का संदेश दिया. कार्यक्रम का प्रारंभ संत रविदासजी के चित्र पर पुश्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना खण्डेलवाल, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष रवि गोयल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमलता धाकड, सुनील कटारिया, जनजाति मोर्चा अध्यक्ष पवन भील, जिला कार्यालय मंत्री विनोद नागदा,लोकेश चांगल, विकास नामदेव, विकास गोयल, मुरली धनगर सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।अंत में आभार अनुसूचित जाति मोर्चा महामंत्री पुष्कर चौहान ने व्यक्त किया।