logo

हरक्याखाल डेम के पास दो कारों की भीषण भिड़ंत,कई घायल होने की आशंका; जिला अस्पताल में पहुंचे चार लोग उपचार के बाद डिस्चार्ज

नीमच।जीरन थाना क्षेत्र के हरक्याखाल डेम के समीप रविवार रात दो कारों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार सभी लोग चोटिल हो गए। जानकारी के अनुसार इस हादसे में लगभग 14 लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। जिला अस्पताल नीमच में मात्र चार घायलों को उपचार हेतु लाया गया था।प्राप्त जानकारी के अनुसार टवेरा कार (RJ09 UA 3422) में सवार लगभग 11 लोग राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के टांडा क्षेत्र के मानपुरा गांव के निवासी थे। ये सभी अपने कुलदेवी के दर्शन के लिए जावद क्षेत्र के बेलाना गांव आए थे और वहाँ से माँ भादवा माता के दर्शन कर देर रात अपने गांव लौट रहे थे। जब उनकी कार हरक्याखाल डेम के पास बने मोड़ पर पहुंची, तभी सामने से आ रही नई टाटा पंच कार (बिना नंबर) से सीधी टक्कर हो गई।दूसरी कार में अरनोद पंचायत के अरनोदा गांव (राजस्थान) के माली समाज के चार लोग सवार थे। वे भी जीरन के हार्खियाखाल स्टेशन क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। मोड़ पर अचानक हुई आमने-सामने की भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों कारों में बैठे सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसी दौरान लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस दल ने सभी घायलों को जीरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।गंभीर रूप से घायल लोगों में लगभग 12 वर्षीय कुशल, एक महिला और पंच कार का चालक शामिल बताए गए।जीरन उप स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय से मिली जानकारी के अनुसार रात लगभग 10 बजे 108 एंबुलेंस से संजय पिता श्यामलाल यादव (45), जयंतीलाल पिता संजय यादव (27), हरिसिंह पिता अंबालाल मेघवाल (35), सभी निवासी अरनोदा प्रतापगढ़ एवं लीलाबाई पति शांतिलाल (80) निवासी मानपुरा को भर्ती किया गया था। उपचार के बाद देर रात करीब 12 बजे सभी को छुट्टी दे दी गई।

Top