दो थाने की पुलिस ने घंटों किया पीछा
दुर्घटनाग्रस्त हुई एंबुलेंस
पुलिस बोली एक्सीडेंट का हैं मामला
सिंगोली। नगर में शनिवार रात एक संदिग्ध घटना घटित हो गई जब पुलिस के आगे अंधाधुंध दौड़ती तेज रफ्तार हरियाणा पासिंग एंबुलेंस ग्राम बड़ी के पास 11 केवी विद्युत पोल को तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
घटना में हरियाणा और हिमाचल प्रदेश निवासी तीन लोग गंभीर घायल हो गए।
सूत्रों की माने तो सूचना मिलने पर रतनगढ़ की ओर से आ रही एक संदिग्ध एंबुलेंस का पीछा करते हुए रतनगढ़ पुलिस सिंगोली तक आ गई। तेज रफ्तार एंबुलेंस रात करीब 8 बजे सिंगोली कस्बे से गुजरी तो लोग भयभीत होने के साथ-साथ आशंकित भी हो गए। आखिर पुलिस गाड़ियों के घेरे में एंबुलेंस चालक को इस तरह भागने की क्या मजबूरी थी। लोग इधर-उधर फोन लगाते देर रात तक जानकारी लेते रहे लेकिन मामले का खुलासा नहीं हुआ।
इधर सिंगोली पुलिस को रतनगढ़ पुलिस ने सूचना की तो सिंगोली पुलिस ने भी एंबुलेंस का पीछा किया। लेकिन एंबुलेंस पुलिस को चकमा देते हुए सिंगोली कोटा मार्ग को छोड़कर चक सोडिजर मार्ग पर सौर ऊर्जा प्लांट की ओर मुड़ गई और ग्राम बड़ी के पास एक मोड़ पर 11kv विद्युत पोल को तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटनाग्रस्त हुई एंबुलेंस को देख सौर ऊर्जा प्लांट ड्यूटी पर लगे सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल ही दौड़कर दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस वाहन में फंसे घायलों को निकालना चाहा। लेकिन तब ही मौके पर पुलिस की गाड़ियां भी पहुंच गई और दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को घेर लिया और बचाव में लगे सुरक्षा कर्मियों को हटाकर घटनास्थल से दूर किया। पुलिस ने तलाशी और अन्य खानापूर्ति के बाद हरियाणा और हिमाचल प्रदेश निवासी तीन गंभीर घायल पुष्पेंद्र सिंह पिता नारायण सिंह 18 वर्ष निवासी कित्तु खेड़ी,अमित सिंह पिता जनादर सिंह राजपूत 31 वर्ष निवासी गुड़गांव, सूरज सिंह पिता सुरजीत सिंह 28 वर्ष निवासी हिमाचल को प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों के कान और नाक से खून बहने के कारण गंभीर अवस्था को देखते हुए डॉक्टर ईतेश व्यास ने उन्हें नीमच रेफर कर दिया। लेकिन बताया जा रहा हैं कि घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें कोटा हॉस्पिटल ले जाया गया हैं।
इस संबंध में सिंगोली पुलिस का कहना है कि मामला एक्सीडेंट का है। लेकिन 35 किलोमीटर तक चकमा देने और तेज रफ्तार भागने के पीछे उन्होंने पुलिस को चोर उचक्को से लूट जाने की आशंका में भागना बताया है। पुलिस के मुताबिक मामला दुर्घटना का है और कुछ नहीं ?