logo

कृति संस्था ने पंडित शिवनारायण गौड़ की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, नीमच के विकास और साहित्यिक योगदान को किया याद

नीमच।क्षेत्र की प्रमुख साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था कृति ने अपने संस्थापक एवं मानद सदस्य, सुप्रसिद्ध साहित्यकार स्व. पंडित शिवनारायण गौड़ की पुण्यतिथि पर शहीद स्मारक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने उनके बहुआयामी व्यक्तित्व, साहित्यिक योगदान और सामाजिक प्रतिबद्धता को भावपूर्ण स्मरण किया। उनके संपादकीय लेखन की विशिष्टता का आलम यह था कि अनेक पाठक आज भी उनके लेखों को संग्रहित कर पढ़ते हैं। उन्होंने नीमच के विकास पुरुष स्व. सीताराम जाजू की स्मृति में ‘जाजू स्मृति ग्रंथ’ का प्रकाशन कराया, जिसमें न केवल स्व. जाजू के जीवन का विस्तृत विवरण है, बल्कि नीमच जिले, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्षेत्रीय इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का मूल्यवान संकलन भी है। यह ग्रंथ आज शोधार्थियों और इतिहासकारों के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री के रूप में माना जाता है।पंडित गौड़ ने सदैव नवोदित लेखकों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने युवाओं की रचनाएँ—चाहे लेख हों या कविताएँ—प्रकाशित कर उन्हें मंच दिया, जिनमें से कई आज प्रतिष्ठित साहित्यकार के रूप में स्थापित हैं। वे शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हिंदी विभाग के प्राध्यापक के रूप में भी विद्यार्थियों के प्रेरणास्रोत रहे।कृति संस्था के अध्यक्ष डॉ. अक्षय राजपुरोहित ने कहा कि पंडित गौड़ का जीवन साहित्य, पत्रकारिता और समाज सेवा का अनुपम संगम था। उनके मार्गदर्शन, मूल्यधर्मिता और रचनात्मकता को सदैव याद किया जाएगा।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में संस्था के सचिव कमलेश जायसवाल, कोषाध्यक्ष राजेश जायसवाल, वरिष्ठ सदस्य किशोर जेवरिया, प्रकाश भट्ट, रघुनंदन पाराशर, कौशिक, शरद पाटीदार, गणेश खंडेलवाल सहित कृति परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Top