logo

कांग्रेस स्थापना दिवस पर गांधी भवन में ध्वजारोहण, सेवा दल ने दोहराया संगठन को मजबूत करने का संकल्प

नीमच। कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर रविवार को कांग्रेस सेवा दल द्वारा प्रति माह की परंपरा के अनुसार महीने के अंतिम रविवार को ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संयोगवश इसी दिन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस भी रहा, जिसे लेकर कांग्रेस कार्यालय में विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर एक वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया,जिसमें कांग्रेस व सेवा दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की।कार्यक्रम के दौरान सेवा दल के जिला अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाकर देश और लोकतंत्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। इसके बाद कांग्रेस की विचारधारा, संघर्ष और संगठनात्मक भूमिका पर प्रकाश डाला गया।सेवा दल के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस को संगठित और मजबूत करने में सेवा दल की ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज़ादी के आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक सेवा दल ने अनुशासन, सेवा और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सेवा दल समय-समय पर जनता से जुड़ने वाले रचनात्मक और संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी समय में जिले में एक बड़ा संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिससे कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा। कार्यक्रम में अनिल चौरसिया, रमेश जायसवाल, हरीश दुआ, बेबी मेहरा, आशा सांभर, इलियास कुरैशी, मुकेश कालरा, जावेद दुर्रानी, श्रीराम शिवहरे, सलीम खान, पंकज एरन सहित सेवा दल एवं कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Top