नीमच। प्रति वर्ष 21 अक्टूबर को देश की सेवा करते हुए अपनी जान गंवाने वाले 10 सीआरपीएफ जवानों की शहादत को याद करने के लिए पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।इस दिन के पीछे एकमात्र विचार हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले के दौरान मारे गए बहादुरों के बलिदान और श्रद्धांजलि को याद करना है। शनिवार को कनावटी के समीप स्थित पुलिस लाइन शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान मौजूद अधिकारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। कलेक्टर दिनेश जैन और एसपी अमित कुमार तोलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि हर साल पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को मनाया जाता है।64 वर्ष पूर्व सन् 1959 में सी.आर. पी.एफ.के जवानों की एक टुकड़ी चीन की सीमा पर लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र हॉट स्प्रिंग नाम स्थान पर तैनात थी। 21 अक्टूबर को गश्त के दौरान चीनी सेना ने घात लगाकर इस टुकड़ी पर हमला कर दिया,सी.आर.पी.एफ. जवानों ने 16,000 फीट की ऊँचाई पर संसाधनों की कमी होने के बावजूद चीनी सेना का डटकर सामना किया और अपनी पोस्ट नहीं छोड़ी। इस हमले में सी.आर.पी.एफ. के 10 शूरवीर जवान वीरगति को प्राप्त हुए।उन्हीं की स्मृति में प्रत्येक वर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है तथा दिवंगत शूरवीरों की स्मृति में शहीद परेड काआयोजन किया जाता है। विगत एक वर्ष में 168 पुलिस जवानों ने आंतरिक सुरक्षा बनाने हेतु कर्त्तव्य की वेदी पर अपने प्राणों की आहूति दी है।जिसमें 17 जवान मध्यप्रदेश से हैं।हम सभी शहीदों को नमन करते हैं।