logo

गौरक्षा विभाग बैठक संपन्न

नीमच। विश्व हिंदू परिषद गौ रक्षा विभाग नीमच मंदसौर पदाधिकारियों की आवश्यक बैठक मंदसौर में देशी गोवंश रक्षण संवर्धन प्रांत अध्यक्ष भगवानदास  ज्ञानानी व विभाग गौरक्षा प्रमुख लक्ष्मण राठौर की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक के प्रारंभ में भारत माता व प्रभु श्रीराम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर देशी गोवंश रक्षण संवर्धन प्रांत अध्यक्ष भगवानदास  ज्ञानानी ने कहा कि प्रयागराज की पावन धरती पर आयोजित कुंभ मेले में 19 व 20 फरवरी को गौसेवा व गौरक्षा अधिवेशन का आयोजन रखा गया है। इस अधिवेशन में गौ सेवा व गौरक्षा के विषय पर चर्चा की जाएगी।हिंदुओं की आस्था के केंद्र बिंदु में गौमाता है। गाय गंगा और गांव की रक्षा से ही भारतीय संस्कृति की रक्षा संभव है। संगठन द्वारा गांव-गांव में गौरक्षा समितियों का निर्माण व कार्यकर्ताओं तथा किसानों का प्रशिक्षण कर हर दरवाजे पर गौमाता को पहुंचाने का लक्ष्य लिया है।भारत को बचाना है तो गाय गंगा और गांव को बचाना होगा। आज कीटनाशक के माध्यम से जहां खेतों की उर्वराशक्ति समाप्त हो रही है और देश का नागरिक कैंसर जैसी बीमारी से जूझ रहा है। हमारा उद्देश्य कृषि के माध्यम से किसानों को आत्मनिर्भर बनाकर गांव में उद्योग विकसित करना है। गौरक्षा विभाग के माध्यम से गांव गांव किसानों का सम्मेलन कर उन्हें प्रशिक्षित कर जैविक कृषि के माध्यम से स्वावलंबी बनाने का कार्य किया जाएगा। विभाग गौ रक्षा प्रमुख लक्ष्मण राठौर ने कहा कि गाय का गोबर और गोमूत्र पंचगव्य के माध्यम से असाध्य बीमारी को दूर करने का काम करती है।वहीं मरणोपरांत अगर गोवंशीय जीवों को मिट्टी में दबा देते हैं, तो दो तीन साल बाद उस स्थान से निकलने वाली मिट्टी रासायनिक उर्वरकों की अपेक्षा अधिक ऊपज देने की क्षमता रखता है। गौ आधारित उत्पाद गोपालकों को आर्थिक समृद्धि प्रदान करता है। अगर पूरे विश्व को बचाना है, तो हमें गोवंशीय जीवों का संरक्षण एवं संवर्द्धन करना होगा। यह तभी संभव है, जब हम गोवंश की महिमा को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज को जागृत करें। विश्व हिन्दू परिषद् की गौ रक्षा विभाग बैठक में मंदसौर जिला गौ रक्षा प्रमुख अमरदीप कुमावत जिला नीमच गोरक्षा प्रमुख,जगदीश नागर, सूरज ग्वाला,वैभव खत्री, विनोद माहेश्वरी ,धर्मेंद्र कुमावत, नरेंद्र पाटीदार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। उक्त जानकारी विहिप जिला गौ रक्षा प्रमुख जगदीश नागर द्वरा दी गई।

Top