logo

कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धा व उत्साह से मनाई गई इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती 

नीमच। कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में बुधवार को देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान को भावपूर्ण स्मरण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को इंदिरा गांधी के दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्रहित में किए गए कार्यों से प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी अदम्य इच्छाशक्ति और मजबूत निर्णय क्षमता वाली नेता थीं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश का साहसपूर्वक नेतृत्व किया। हरित क्रांति लागू कर उन्होंने भारत को खाद्यान्न उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया। उनके कार्यकाल में वैज्ञानिक शोध,अंतरिक्ष कार्यक्रम तथा औद्योगिक विकास को भी नई गति मिली, जिसने भारत को आधुनिक राष्ट्र की ओर अग्रसर किया।नेताओं ने 1971 के भारत–पाक युद्ध का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी के सशक्त नेतृत्व में भारत ने निर्णायक विजय प्राप्त की। इस युद्ध के परिणामस्वरूप पूर्वी पाकिस्तान को स्वतंत्रता मिली और बांग्लादेश नामक नए राष्ट्र का गठन हुआ, जिसे भारत के सामरिक इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जाता है।कार्यक्रम में मोनू लोक्स, राकेश अहीर,गजेंद्र यादव, बृजेश मित्तल,हरीश दुआ, आशा सांभर,कमल मित्तल,मनोहर अंब, इलियास कुरैशी,पृथ्वी सिंह वर्मा,बेबी मेहरा, धर्मेंद्र,हारून रशीद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने इंदिरा गांधी को “भारत की आयरन लेडी” बताते हुए उनके सिद्धांतों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Top